API Live Today के लिए आवश्यकता है पूरे भारत के सभी जिलो से अनुभवी ब्यूरो चीफ, पत्रकार, कैमरामैन, विज्ञापन प्रतिनिधि की। आप संपर्क करे मो० न०:- 9451391097,7007891881 ईमेल:[email protected]

API Live Today

No.1 news portal of India

निकाय चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ने दिया महराजगंज को करोड़ों की सौगात अब बाढ़ से मुक्त होगा महराजगंज…

महराजगंज/रहमतुल्लाह सिद्दीकी

मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव से पहले  महराजगंज में लगभग 2800 करोड़ रु० की 1058 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

विभिन्न लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के
प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चाभी / चेक, टैबलेट / लैपटॉप, तथा मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का वितरण किया।

महराजगंज जनपद की 06 प्रमुख परियोजनाओं के डेमो मॉडल का किया अवलोकन।

474.42 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण, 2316.15 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास।

मुख्यमंत्री ने 09 करोड़ 55 लाख रु० की लागत से निर्मित होने वाले चौक स्थित श्री दिग्विजयनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीण स्टेडियम का शिलान्यास किया।

1 करोड़ 19 लाख की लागत से जिला संयुक्त चिकित्सालय में निर्मित कॉम्प्रेहेंसिव इमरजेंसी यूनिट का किया लोकार्पण।

रोहिन नदी के बायें तट पर निर्मित अमहवा रिंग तटबंध के 2 करोड़ 68 लाख की लागत से सुरक्षात्मक कार्य और अराजी सुवाईन सुबेदारपुर तटबंध के 8 करोड़ 32 लाख की लागत से सेक्शन सुधार व सुरक्षात्मक कार्य का लोकार्पण किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने आज जनपद महाराजगंज में लगभग ₹2800 करोड़ की 1058 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया इस अवसर पर जीएसवीएस इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद को प्राप्त हो रही विकास की परियोजनाएं बताती हैं कि उत्तर प्रदेश में अब बिना भेदभाव के प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप गांव गरीब नौजवान किसान तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए मिशनरी भाव से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजगंज सीमावर्ती जनपद है और इसका अपना इतिहास भी है। कहते हैं कि भगवान बुद्ध की माता ने रामग्राम जाने के पहले देवदह के पास इसी जनपद में भगवान बुद्ध को जन्म दिया था। इस जनपद की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की गवाही यहां बड़े-बड़े मिट्टी के टीले के रूप में मौजूद स्तूप देते हैं। देश की आजादी के आंदोलन में भी महाराजगंज से जुड़े स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान अविस्मरणीय है। इनमें से एक महापुरुष प्रो शिब्बनलाल सक्सेना की समाधि पर पुष्पांजलि देने का अवसर आज प्राप्त हुआ है। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान इन महापुरुषों का स्मरण हमें एक नई प्रेरणा प्रदान करता है। माननीय मुख्यमंत्री ने कहा प्रोफेसर सक्सेना ने महराजगंज को अपनी कर्मभूमि बनाया और यहां पर शिक्षा व समाज सेवा की अलख जगाते रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को प्रो. सक्सेना के समाधि स्थल पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि वर्तमान पीढ़ियों के समक्ष एक आदर्श प्रस्तुत किया जा सके और वर्तमान पीढ़ी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा ले सके।
आगे अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज महाराजगंज अपने प्रगतिशील किसानों, जनसेवकों व नौजवानों की प्रतिभा के माध्यम से देश दुनिया के सामने झंडा गाड़ रहा है और इस अभियान को गति देने के लिए डबल इंजन सरकार बार-बार विकास की परियोजनाओं को लेकर आती है। इसका उदाहरण एक बार में जनपद को ₹2800 करोड़ की परियोजनाओं का मिलना है, जो कि सामान्य बात नहीं है। 2017 के पहले जनपद महाराजगंज भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के उन जनपदों की भांति शापित था जहां बरसात के साथ नन्हे बच्चों को इंसेफलाइटिस निगलने लगता था। 1977 से 2017 तक के 40 वर्षों में इस क्षेत्र ने 50 हजार से अधिक मासूमों को खोया है, लेकिन डबल इंजन की सरकार के सामर्थ्य और प्रयासों से इस क्षेत्र से इंसेफलाइटिस का पूरी तरह उन्मूलन हो चुका है। उन्होंने कहा पहले लोग महाराजगंज जैसे जनपद में मेडिकल कॉलेज की कल्पना नहीं कर सकते थे, लेकिन उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों की तरह महाराजगंज में मेडिकल कॉलेज का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है और अगले 06 माह में यह पूर्ण रूप ले लेगा। इसके अलावा गोरखपुर में भी एम्स शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए एक जनपद, एक मेडिकल कॉलेज की संकल्पना को लागू करने के लिए प्रयासरत है। आज लोकार्पण के दैरान चौक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन के साथ ही हेल्थ एटीएम का भी उद्घाटन किया जा रहा है। पहले लोग पैसा निकालने के लिए एटीएम जाते थे। लेकिन अब हेल्थ एटीएम आपको 70 प्रकार के जाँच उपलब्ध कराएगा। हेल्थ एटीएम से देश-दुनिया के विशेषज्ञ डॉक्टरों विभिन्न शहरों में दूर-दूर तक भटकने से मुक्ति दिला देगा।
उन्होंने एन्सेफेलाइटिस के लिए स्वच्छता, शौचालय, स्वास्थ्य केंद्रों और स्वच्छ जल की अनुपलब्धता को कारण बताते हुए कहा कि आज इन समस्याओं का समाधान हमारी सरकार द्वारा किया जा चुका है। आज हर घर नल की योजना के माध्यम से शुद्ध जल पहुंचाने की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है और लोकसभा तक प्रत्येक घर को शुद्ध जल प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मत और मजहब के नाम पर बांटने वाली पिछली सरकारों में आप लोगों को आवास, बिजली, शौचालय, रसोई गैस का कनेक्शन जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाती थी। हमारी सरकार ने पिछले 6 वर्षों में 54 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराया है, जो कि आजादी के बाद से इससे वंचित थे। दो करोड़ 60 लाख गरीबों को शौचालय और एक करोड़ 55 लाख गरीबों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। 15 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन की सुविधा पिछले 3 वर्षों से मिल रही है। इसके अलावा मुफ्त में वैक्सीन, उससे पहले मुफ्त में उपचार और कोरोना टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई। वनटांगिया ग्रामों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए  मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद के सभी 18 वनटांगिया गांवों की समस्याओं को समाप्त करते हुए, उन्हें सभी सुविधाओं से युक्त किया गया है। गांव में बसने वाले लोगों तक बिना जाति मजहब के भेदभाव के योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है, जो कि हमारी सरकार की विशेष उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2019 और 2022 में मिले आपके समर्थन से डबल इंजन की सरकार ने डबल स्पीड से कार्य किया है। जनपद के सोनौली मार्ग को 06 लेन और महाराजगंज ठूठीबारी मार्ग को 04 लेन बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा नए नगर पंचायतों और स्टेडियमों का भी निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में हर गांव में युवा मंगल दल और महिला मंगल दल का सृजन कर उनके लिए ग्राम स्तर पर खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जनपद स्तर पर भव्य स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। जिससे युवा स्वस्थ रहने के साथ खेलकूद की गतिविधियों से जुड़कर विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन कर सकें। पहले महाराजगंज में इन कार्यों की कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था हमारी सरकार अभ्युदय योजना के माध्यम से सिविल सेवा में जाने की युवाओं की आकांक्षा को पूरा करने हेतु मंच प्रदान कर रही है। वर्ष 2022 में पीसीएस परीक्षा में अभ्युदय कोचिंग के 54 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। सरकार इस कोचिंग को सभी जनपदों में खोलने जा रही है, ताकि प्रत्येक जनपद के युवा इन कोचिंग के माध्यम से अपने अरमानों को एक नई उड़ान दे सके। इसके अलावा डिजिटलाइजेशन के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री  ने निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन के इन प्रयासों को निचले स्तर तक ले जाने के लिए नगर निकाय स्तर पर भी सक्षम बोर्डों की आवश्यकता है, ताकि ये बोर्ड प्राप्त धनराशि का सदुपयोग कर सकें। नगर निकायों में स्ट्रीट लाइट, इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर, महिलाओं के लिए सेफ सिटी सहित सुंदरीकरण के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं और विकास के इन कार्यों को गति देने के लिए निकाय चुनाव में मौजूद जनता से भाजपा के समर्थन की अपील की।
सभा को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, पनियरा विधायक  ज्ञानेंद्र सिंह, सिसवां विधायक  प्रेमसागर पटेल, सदर विधायक  जयमंगल कन्नौजिया, नौतनवां विधायक  ऋषि त्रिपाठी सहित वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों ने भी लोगों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व बटन दबाकर विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों लैपटॉप, स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के लाभार्थी छात्र- छात्राओं को टैबलेट, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डेमो चेक, दिव्यंग लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल और कृषि विभाग की फार्म मशीनरी बैंक के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाभी का वितरण किया गया।
लोकार्पित होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में 1 करोड़ 19 लाख की लागत से जिला संयुक्त चिकित्सालय में निर्मित कॉम्प्रेहेंसिव इमरजेंसी यूनिट, रोहिन नदी के बाएं तट पर निर्मित अमहवा रिंग तटबंध का 2.68 करोड़ की लागत से सुरक्षात्मक कार्य और अराजी सुवाइन सुबेदारपुर बांध के बीच 8 करोड़ 32 लाख की लागत से सेक्शन सुधार व बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य शामिल था। इसके अलावा महराजगंज में 220 केवी का विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण किया गया।
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाएं, सेमरा उर्फ कम्हरिया सम्पर्क मार्ग, पचदेवरी से नन्दना सम्पर्क मार्ग का नवनिर्माण, मौन नाले के बगहवां बाबा स्थान पर लघु सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्क कार्य रोहिन नदी के दोनों तट पर कटाव निरोधक कार्य एवं सेक्शन सुधार कार्य हैं। इसके साथ ही बड़ी गंडक नदी के दाएं तट स्थित नारायणी छितौनी तटबंध के स्पर संख्या 3 से 5 के डाउन स्ट्रिम तक परक्यूपाइन कार्य, बौद्ध स्थल, रामग्राम के पर्यटन विकास कार्य, 9 करोड़ 55 लाख की लागत से श्री दिग्विजय नाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण, नगर पंचायत बृजमनगंज एवं पनियरा में कल्याण मंडप पनियरा खास एवं धगरहवा में पानी की टंकी एवं पाइपलाइन , चौक टिकट घर से वनटांगिया ग्राम कम्पार्ट संख्या-24 स्थित वन्य क्षेत्र तक सम्पर्क मार्ग, लघु सेतु एवं इंटरलाकिंग, सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग में इको-टूरिज्म विकास कार्य एवं लेपर्ड रेस्क्यू सेन्टर, वनटांगिया ग्राम बैलोहा दर्रा, कांधपुर दर्रा, खुरमपुर, अचलगढ़ एवं तिनकोनिया को पीडब्यूडी मार्ग से जोड़ने के लिए इंटरलाकिंग, 686 ग्राम पंचायतों में पेयजल परियोजना का शिलान्यास भी किया गया।
इससे पूर्व  मुख्यमंत्री को उनके आगमन पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों ने  मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। इसके पश्चात उन्होंने प्रो. शिब्बन लाल सक्सेना की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।